रविवार, फ़रवरी 27, 2022

युद्ध की कहानियां

युद्ध की कहानियां
**************
लिखी जा रही हैं
संवेदनाओं की पीठ पर
युद्ध की कहानियां

झुंझलाते, झल्लाते 
वातावरण में
बांटा जा रहा है 
डिस्पोजल ग्लास में पानी
पीने वालों को 
हर घूंट कड़वा लग रहा है
लेकिन फिर भी पी रहें हैं
घूंट घूंट पानी

जश्न या मातम के दौरान
सुनाई जाती हैं
या गढ़ी जाती हैं
विद्रोह की कहानियां
ऐसे समय में 
पड़ती है पानी की ज़रूरत
क्योंकि
सदमें में
चीख चिल्लाहट में
सूख जाता है गला

विभाजित खेमों को
हालात का अंदाज़ा नहीं है
कि,दहशतज़दा लोग
सफेद चादरों पर बैठे
सिसक रहे हैं
कि,कब कोई जानी पहचानी लाश 
आंख के सामने से न गुजर जाए

काश!
युद्ध की 
कहानियां सुनते समय
किसी के 
कराहने की 
आवाज न सुनाई दे-----

◆ज्योति खरे

सोमवार, फ़रवरी 21, 2022

प्यार मैं ही, मैं करूं

प्यार मैं ही, मैं करूं
***********
मन-मधुर वातावरण में
प्यार बाँटें
प्यार कर लें

दु:ख अपने पांव पर
जो खड़ा था,
अब दौड़ता है
हर तराशे सुख के पीछे
कोई पत्थर तोड़ता है

आओ करें हम
नव सृजन-
एक मूरत और गढ़ लें

'प्यारे', 
प्यार मैं ही मैं करूं
और तुम कुछ ना करो
कैसे बंधाऊं आस मन को
तुम 'न' करो, न 'हाँ' करो!

रतजगे-सी जिन्दगी में
हम कहाँ से
नींद भर लें----

लंबा सफ़र है 
हम सभी का
हम मुसाफिर हैं सभी
दौड़ते हैं, हांफते हैं 
या बैठते हैं हम कभी

यह सिलसिला है राह का,
प्यार से 
कुछ बात कर लें-----

"ज्योति खरे"

गुरुवार, फ़रवरी 17, 2022

जब से तुमने

जब से तुमने
**********
जब से तुमने
लहरों की तरह
उसके भीतर 
मचलना शुरू किया 
वह
समुंदर हो गया

जब से तुमने
इशारे से बुलाकर 
उसके कान में कहा 
तुम मेरे दोस्त हो 
वह
मैं बोलने लगा
सुनने भी लगा

जब से तुमने 
उसकी उंगलियों को
अपनी उंगलियों में
फसाकर 
साथ चलने को कहा
वह
अपरिचितों की भीड़ में
परिचित होने लगा

जब से तुमने 
सबके सामने 
उसको गले लगाया
वह 
साधारण आदमी से
विशेष आदमी बन गया----

◆ज्योति खरे

मंगलवार, अगस्त 17, 2021

बहन

बहन 
****
एक-
स्मृतियों में बहन
*************
मैं 
टूटकर बिखरते समय
जब भी घबड़ाता हूं
हंसती ,खिलखिलाती
गुलाबी बुंदके वाली
फ्राक पहने
दो चोटी में 
लाल रिबिन बांधें
आ जाती है
मेरे सामने
                 
और जब 
रहता हूँ चुप 
उसके गुनगुनाने की आवाज
कानों में पड़ते ही
टूट जाती है चुप्पी

साथ खेले,साथ बढे
लड़े,झगडे,रूठे,रोये,हंसे
जुडे रहे रिश्तो की
रेशमी डोर से

स्मृतियों के आँगन में
बूढा बचपन
अकेला टहलता है जब
संबंधों की जड़ों में 
लग रही दीमक से
वह ही बचाती है

जीवन बदला 
जीने की परिभाषा बदली
पर नहीं बदली
उसके रिश्तों की भाषा

जानता हूँ 
वह भी 
उलझ गयी है
अपने बनाए 
नये रिश्तों के जंगल में

उससे कहता हूं
जब कभी 
समय निकालकर
ऐसे ही
आ जाया करो
स्मृतियों में
दोनों मिलकर
खीर पूड़ी बनाएंगे---

दो
बहन
*****
बहन 
छोटी या बड़ी
इत्र की शीशी में भरी
परिवार के
संस्कार और परम्पराओं को
सुगंधित करने वाली
गहरी और सुनिश्चित भाग्य रेखा होती है

जीवन की धुरी 
कदमों की पहचान
घटनाओं की आहट 
और जीवन का
तरण द्वार होती है

सैनिको की जान 
ध्वज पकड़े हथेलियाँ 
खिलाड़ियों की सांसें
शिशु की माता 
पिता की धड़कन
मां की सलाहकार
घूमती गोलाकार धरती
कुल्हाडी सी कठोर
फूल सी कोमल
होती है

किसी बदमाश के गाल पर 
झनझनाता 
करारा चांटा भी होती है

बहन
कलाई में लिपटा
एक धागा नहीं 
जीवन का 
सार होती है---

" ज्योति खरे "

सोमवार, अगस्त 09, 2021

आदिवासी लड़कियां

आदिवासी लड़कियां
****************
भिनसारे उठते ही 
फेरती हैं जब
घास पर 
गुदना गुदी
स्नेहमयी हथेलियां
उनींदी  घास भी
हो जाती है तरोताजा 
लोकगीत गुनगुनाने की
आवाज़ सुनते ही
घोंसलों से पंख फटकारती
निकल आती हैं चिड़ियां
टहनियों पर बैठकर
इनसे बतियाने

मन ही मन मुस्कराती हैं 
बाडी में लगी
भटकटैया,छुईमुई,कुंदरू
नाचने लगती हैं
घास पूस से बनी
बेजान गुड़ियां 
जलने को मचलने लगता है 
मिट्टी का रंगीन चूल्हा
जिसे ये बचपन में
खरीद कर लायीं थी 
चंडी के
हाट बाजार से

इनकी गिलट की 
पायलों की आहट सुनकर
सचेत हो जाता है 
आले में रखा शीशा
वह जानता है
शीशे के सामने ही खड़ी होकर 
ये आदिवासी लड़कियां
अपने होने के अस्तित्व को
सजते सवंरते समय
स्वीकारती हैं

इनके होने और इनके अस्तित्व के कारण 
युद्ध तो आदिकाल से 
हो रहा है
लेकिन
जीत तो
इन्हीं लड़कियों की ही होगी 
ठीक वैसे ही , जैसे 
काँटों के बीच से
रक्तिम आभा लिए
निकलती हैं
गुलाब की पंखुड़ियां-----

◆ज्योति खरे

गुरुवार, जुलाई 22, 2021

साड़ी की प्लेट

साड़ी की प्लेट
***********
हाँथ की लकीरों को
जब से पढ़वाकर लौटी है
काले बादलों को भेदकर
उड़ने लगी है
कल्पनाओं के 
सातवें 
आसमान में 
उसे लगने लगा है कि
माथे पर उभरी
सलवटों पर
जब वह  
उंगलियों से छुएगा 
सलवटें सिकुड़कर
जमीन पर गिर जाएंगी
 
वह अक्सर 
अपने भीतर उभरी छवि पर
फेरने लगी उंगलियां
ठीक वैसे ही
जैसे कल्पनाओं में
उसने फेरी थी
माथे पर

सलवटें सुलझने लगी  
और जिंदा होने लगी     
पहेलियां
कि कब चुपके से 
मेरे होठों की सरसराहट में 
बन रही सलवटों को
वह अपने होंठों की 
सलवटों में सम्मलित करेगा

वह हवा में उड़ती हुई 
सोच रही थी
कि,कब कोई
मदमस्त पंछी 
मुझसे टकरायगा
घुसकर मेरी धड़कनों में
फड़फड़ायेगा

वह महसूस करने लगी
अपनी ठंडी साँसों में
उसकी साँसों की गर्माहट

वह नहीं उड़ पायी 
ज्यादा दिनों तक आसमान में
काट गए पर
और वह 
फड़फड़ाकर गिर पड़ी
जीवन के मौजूदा घर में 
माथे की सलवटे
साड़ी की प्लेट से
लिपट गयी
जिसे वह अपने हिस्से की
सलवटें समझकर 
सुबह शाम 
सुधारती है------

◆ज्योति खरे

गुरुवार, जुलाई 15, 2021

टाई की नॉट

टाई की नॉट
**********
लड़की ने 
पिता से पूछा
विवाह में
लड़के को 
शूट,टाई,जूते 
क्यों देते हैं
पिता 
क्या कहते 
बस सोचते रहे
बेटी के लिए 
वर ऊंची कीमत पर 
खरीदना पड़ता है
 
लड़के ने 
पिता से पूछा
विवाह में 
लड़की को
लहंगा,चुनरी,जेवर
और श्रृंगार का सामान
क्यों देते हैं
पिता ने कहा 
उसके सजने संवरने के लिए
वह क्या कहते
कि मैं 
बेटे को बेच रहा हूँ

परम्परा,संस्कार 
का पाठ सीखते 
दो पिता 
दो रिश्तों की वकालत में 
जीवन भर उलझे रहते हैं
और 
दो अजनबी
फूलों के मंडप के नीचे
अग्नि के फेरे लेते समय
झुलस जाते हैं

फिर
नीली रात की
रौशनी में
लड़का लड़की
उतारते हैं 
एक दूसरे के 
पिता के दिये हुए कपड़े
हो जाते हैं नंगे
दिमाग से
मन से 
दिल से

लड़की रोने से भी डरती है
कि यह
कहीं कोई
दबे सवाल न पूछ लें 
लड़का कुछ बताने से डरता है
कि कहीं वह
झिड़क न दे
धमनियों में बहते खून के
सूखने का 
यह पहला दिन होता है

सुबह
लड़की 
टाई की नॉट
टाईट करते समय कहती है
लौटते समय
सीधे घर आना

लड़का 
आंखें नीचे कर
कहता है
सिर से पल्ला नहीं गिरने देना
और निकल जाता है
काम पर

लड़की 
पिता के दिये हुए 
दहेज के बर्तनों को 
चौके में जमाने में जुट जाती है
भूल जाती है
छत पर खड़े होकर 
किए हुए कुछ वादे
और देर तक हंसने वाली हंसी

शाम को
लौटते समय लड़का
ले आता है
मोंगरे की माला
नहीं रुकता
नुक्कड़ वाली चाय की दुकान पर 
सिगरेट पीने

रिश्ते
टाई की नॉट की तरह
अंदर से तुड़े-मुडे
और बाहर से
सुंदर और व्यवस्थित 
दिखते हैं
सरका दो तो ढीले
खींच दो तो कस जाते हैं----

◆ज्योति खरे